महिलाओं ने तलाशा अपनी जिंदगी का तीसरा दरवाजा

दूसरे ज्योति संग स्मृति नाट्य उत्सव में मंचित हुआ नाटक
हरियाणा कला परिषद के सहयोग से फोर्थ वाल प्रोडक्शंस संस्था द्वारा आयोजित द्वितीय ज्योति संग स्मृति नाट्य उत्सव के दूसरे दिन नाटक तीसरा दरवाज़ा का मंचन किया गया। द कैसल ऑफ आर्ट थिएटर में आयोजित इस प्रस्तुति ने महिला जीवन के विभिन्न पहलुओं, पारिवारिक रिश्तों, सामाजिक अपेक्षाओं और व्यक्तिगत स्वतंत्रता जैसे महत्वपूर्ण विषयों को रोचक अंदाज में सामने रखा।
उत्सव की शुरूआत रोटरी क्लब आफ फरीदाबाद ट्यूलिप की संस्थापक प्रियंका मदान और अध्यक्ष पूजा भाटिया के साथ ही रेडियो महारानी की निदेशक सपना सूरी ने दीप प्रज्वलन कर किया। इसके पश्चात महिलाओं की ज़िंदगी के इर्द-गिर्द बुना गया नाटक तीसरा दरवाज़ा का मंचन हुआ, जिसमें ऐसे अनकहे सवालों को उठाया गया जो अक्सर कहीं छूट जाते हैं। अंकुश शर्मा द्वारा लिखित एवं निर्देशित नाटक का मूल भाव एक ऐसे तीसरे दरवाजे की तलाश है, जो व्यक्ति को उन सीमाओं से बाहर निकलने का रास्ता दिखाता है, जिन्हें उसने स्वयं अपने जीवन में स्वीकार कर लिया है। यह सवाल उठाता है कि क्या आजादी के लिए हमेशा किसी नए दरवाजे की जरूरत होती है, या कई बार कैद केवल हमारी सोच में होती है।

नाटक की विशेषता यह रही कि गंभीर सामाजिक मुद्दों को बोझिल बनाने के बजाय हास्यपूर्ण परिस्थितियों और आपसी संवादों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। तीनों महिला पात्रों के विचारों, अनुभवों और जीवन के प्रति अलग-अलग दृष्टिकोणों ने कहानी को रोचकता प्रदान की। प्रस्तुति दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ अपने आस-पास के रिश्तों और सामाजिक मान्यताओं पर सोचने के लिए भी प्रेरित करती है।
नाटक में राखी चक्रवर्ती, पूनम गोयल और रूपा सोमसुंदरन ने अपने अभिनय से तीनों पात्रों को जीवंत किया। सहायक निर्देशक के रूप में प्रिया चौधरी ने सहयोग दिया। सभी दर्शकों ने प्रस्तुति की सराहना करते हुए नाटक को प्रासंगिक बताया।




