हास्य और गलतफहमियों के बीच दर्शकों को गुदगुदा गया नाटक “वो कौन था”

दूसरे ज्योति संग स्मृति नाट्य उत्सव के समापन पर हुआ मंचन
फोर्थ वाल प्रोडक्शंस द्वारा हरियाणा कला परिषद के सहयोग से आयोजित दूसरे ज्योति संग स्मृति नाट्य उत्सव के समापन अवसर पर नाटक ‘वो कौन था’ ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। समापन अवसर का शुभारंभ पर्यावरणविद् समर्थ खन्ना ने दीप प्रज्वलित कर किया।
वह कौन था, हास्य नाटक ने अपनी रोचक परिस्थितियों, अप्रत्याशित मोड़ों और हास्यपूर्ण संवादों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। नाटक की कहानी एक ऐसे चोर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो चोरी के इरादे से एक स्थानीय पार्षद के घर में प्रवेश करता है लेकिन धीरे-धीरे घर के भीतर ऐसी परिस्थितियां बनती हैं, जो धीरे-धीरे हास्य और गलतफहमियों का जाल बुन देती हैं। पार्षद अपनी पत्नी की गैरमौजूदगी में अपनी महिला मित्र के साथ घर पहुंचता है। इसी बीच चोर की पत्नी का फोन आता है और पार्षद फोन उठाकर उससे बातचीत करने लगता है। पत्नी उसे अपना पति समझकर बात करती है और यहीं से घटनाओं का सिलसिला और उलझता चला जाता है।

स्थिति तब और दिलचस्प हो जाती है, जब चोर अचानक सामने आ जाता है और पार्षद अपनी महिला मित्र के साथ संबंध छिपाने के लिए चोर और उसकी महिला मित्र को पति-पत्नी का अभिनय करने के लिए कहता है। इसके बाद चोर की पत्नी का वहां पहुंचना, पार्षद की पत्नी की अचानक वापसी और महिला मित्र के पति का प्रवेश कहानी में एक के बाद एक हास्यपूर्ण मोड़ लेकर आते हैं। इसी बीच पुलिस का पहुंचना घटनाक्रम को और भी मजेदार बना देता है। लगातार बदलती परिस्थितियों और पात्रों की एक-दूसरे से बचने की कोशिशों ने पूरे नाटक को मनोरंजक बनाए रखा।
दीपक पुष्पदीप के निर्देशन में हुए इस नाटक का रूपांतरण अंकुश शर्मा ने किया।अभिषेक राठौड़, हर्षिता गुप्ता, दर्शन कुमार, आरुषि अग्रवाल, निशांत कदम, नमन भाटिया, लक्ष्य शर्मा और यश पंडित ने अपने अभिनय से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

फोर्थ वॉल प्रोडक्शंस संस्था द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय नाट्य उत्सव के आयोजन का मुख्य उद्देश्य शहर में रंगमंच और साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देना रहा। संस्था के सचिव हमको शर्मा ने बताया कि इसी तरह शहर में रंगमंचीय गतिविधियों को संस्था जारी रखेगी।



