EventsFaridabadHaryanaIndiaLatest NewsWorld

सूरजकुंड मेले में छोटी चौपाल पर लोक-संस्कृति की छटा, कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन

39वें अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड शिल्प मेले में नृत्य, संगीत, नाटक और हास्य का अनूठा संगम

सूरजकुंड (फरीदाबाद), 02 फरवरी।

कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा तथा हरियाणा पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में फरीदाबाद स्थित सूरजकुंड में आयोजित 39वें अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड आत्मनिर्भर  शिल्प मेला 2026 के अंतर्गत चौपाल-2 (छोटी चौपाल) पर सोमवार को विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में हरियाणा की लोक संस्कृति, संगीत, नृत्य, नाटक और हास्य की समृद्ध परंपरा की मनमोहक झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम की शुरुआत पाली नाथ एवं उनके दल द्वारा प्रस्तुत बीन पार्टी से हुई, जिसने दर्शकों को लोक धुनों से जोड़ा। इसके बाद रिंकू एवं दल द्वारा डेरु पार्टी की प्रस्तुति दी गई। सुनील कुमार एवं उनके दल ने रागनी गायन के माध्यम से पारंपरिक हरियाणवी लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
उल्लेखनीय है कि 39वें अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड शिल्प मेले में आयोजित इन सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, महानिदेशक के. एम. पांडुरंग तथा अतिरिक्त निदेशक विवेक कालिया के निर्देशानुसार किया जा रहा है।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हास्य कलाकार सतीश हरियाणवी ने अपने साही अंदाज से दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर दिया। वहीं सुनील कौशिक पार्टी  द्वारा प्रस्तुत हरियाणवी सांस्कृतिक लोकनृत्य ने मंच पर रंग-बिरंगी छटा बिखेर दी। पुष्पा शर्मा  ने शास्त्रीय नृत्य की सधी हुई प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
इसके अलावा सोमबीर कथूरवाल के नेतृत्व में कलाकारों  द्वारा हरियाणवी फोक बैंड की प्रस्तुति ने आधुनिक व लोक संगीत का सुंदर संगम प्रस्तुत किया। मदन लाल डागर थिएटर पार्टी द्वारा द ग्रेट राजा मास्टर ड्रामा कंपनी नाटक का मंचन किया गया, जिसे दर्शकों से खूब सराहना मिली।
एन.एस.एस. वॉलिंटियर्स, जिला पलवल के बच्चों ने हरियाणवी सांस्कृतिक लोकनृत्य प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम में शेखर श्रीवास्तव, नीरोत्तम एवं अंश द्वारा गिटार वादन की प्रस्तुति दी गई, वहीं अशोक सम्राट ने जादूगर के रूप में अपनी कला से दर्शकों को आश्चर्यचकित किया। मेले में आए देश-विदेश के पर्यटकों और दर्शकों ने इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद उठाया।
इस अवसर पर कला एवं सांस्कृतिक अधिकारी डॉ. दीपिका रानी, रेणु हुडा सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button