Breaking NewsCraftCultural EventEntertainmentEventsFaridabadHaryanaIndiaInternational MelaLatest NewsShilp MelaSurajkundWorld

सूरजकुंड मेला में फैशन शो में आर्टिस्ट ने बिखेरा जलवा

एक भारत श्रेष्ठ भारत को फैशन शो के माध्यम से आर्टिस्ट ने किया प्रदर्शित

सूरजकुंड (फरीदाबाद)।
सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला के मुख्य चौपाल मंच पर शनिवार की संध्या में आयोजित फैशन शो कार्यक्रम में कलाकारों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। रंग-बिरंगे परिधानों और पारंपरिक वेशभूषा से सजे मॉडल्स ने एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों की प्रसिद्ध साडिय़ों और परिधानों को मंच पर प्रदर्शित किया गया, जिससे भारतीय संस्कृति की विविधता और एकता का संदेश सशक्त रूप से सामने आया।

मुख्य चौपाल के मंच पर फैशन शो में आर्टिस्ट्स द्वारा बनारसी, कांजीवरम, पटोला, चंदेरी, भागलपुरी और फुलकारी जैसी पारंपरिक साडिय़ों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। प्रत्येक प्रस्तुति के साथ संबंधित राज्य की सांस्कृतिक झलक, संगीत और लोकधुनों ने वातावरण को उत्सवमय बना दिया। दर्शकों ने तालियों की गडग़ड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पर्यटक, शिल्पकार और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इस तरह के आयोजन का उद्देश्य भारत की समृद्ध हस्तशिल्प और वस्त्र परंपरा को प्रोत्साहित करना तथा युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोडऩा है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और पर्यटन मंत्री डा. अरविंद कुमार शर्मा के निर्देशन में आयोजित सूरजकुंड मेला में आयोजित फैशन शो ने न केवल दर्शकों को मनोरंजन प्रदान किया, बल्कि भारतीय परंपरा, कला और शिल्प की विविधता को एक मंच पर प्रस्तुत कर एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को साकार किया। इस अवसर पर काफी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button