Breaking NewsEntertainmentEventsFaridabadHaryanaIndiaWorld

छोटी चौपाल पर कलाकारों ने बिखेरे लोक संस्कृति के रंग

39वें अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड आत्मनिर्भर शिल्प महोत्सव 2026 में कलाकार प्रतिदिन दर्शकों का कर रहे भरपूर मनोरंजन

सूरजकुंड (फरीदाबाद), 04 फरवरी।
प्रदेश के कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग व हरियाणा पर्यटन निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 39वें अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड आत्मनिर्भर शिल्प महोत्सव में छोटी चौपाल पर देश–प्रदेश के ख्याति प्राप्त कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां लगातार दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रही हैं। बुधवार को दिनभर चले कार्यक्रमों में लोकनृत्य, शास्त्रीय नृत्य, सूफी संगीत, नाटक, रागनी और हास्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम की शुरुआत नरेंद्र भारद्वाज मोंटी पार्टी की ओर से प्रस्तुत हरियाणवी सांस्कृतिक लोकनृत्य से हुई, जिसने माहौल को उत्सवमय बना दिया। इसके बाद शालू श्रीवास्तव ने अपनी भावपूर्ण शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति से दर्शकों को कला की बारीकियों से रूबरू कराया। संगीत प्रेमियों के लिए निशांत शकलानी एवं सह कलाकारों द्वारा प्रस्तुत हिंदी सूफी बैंड खास आकर्षण रहा।
नाट्य प्रेमियों को न्यू उथान थिएटर, कुरुक्षेत्र के कलाकारों ने ‘उजबक राजा’ नाटक की प्रस्तुति देकर सामाजिक संदेश के साथ भरपूर मनोरंजन किया। वहीं शेखर श्रीवास्तव, नीरोत्तम व अंश की गिटार प्रस्तुति और कनिष्क करुती का ‘केरो के पर’ कार्यक्रम दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर गया।
लोक धुनों में राजू नाथ बीन पार्टी, जिया लाल डेरु पार्टी तथा राजकुमार की रागनी ने हरियाणवी रंग को और गाढ़ा किया। कार्यक्रम के बीच–बीच में हास्य कलाकार सतीश हरियाणवी ने चुटकुले सुनाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
उल्लेखनीय है कि यह सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, महानिदेशक के. एम. पांडुरंग (आईएएस) तथा अतिरिक्त निदेशक विवेक कालिया के मार्गदर्शन में प्रतिदिन आयोजित किए जा रहे हैं। महोत्सव के तहत 15 फरवरी तक छोटी व बड़ी चौपाल पर रोजाना विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा।

गुरुवार 5 फरवरी को रहेगी इन कार्यक्रमों की धूम
कला एवं सांस्कृतिक अधिकारी डॉ दीपिका रानी ने बताया कि गुरुवार 5 फरवरी को छोटी चौपाल में पर कलाकार रणबीर सिंह द्वारा गजल की प्रस्तुति,मुद्रा ग्रुप ऑफ आर्ट्स द्वारा कथक नृत्य,दिलावर कौशिक द्वारा हिंदी, सूफी हरियाणवी बैंड,कैथल की सुशील कुमार पार्टी द्वारा हरियाणवी लोकनृत्य और चंडीगढ़ आर्ट थिएटर रंजीत पार्टी द्वारा नाटक की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी।
उन्होंने दर्शको से कार्यक्रम में सहभागी बनने का आह्वान किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button