सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय मेले में आयोजित की गई विद्यार्थियों की प्रतियोगिताएं
मेहंदी एवं नेल आर्ट प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

सूरजकुंड (फरीदाबाद), 11 फरवरी।
39 वें सूरजकुंड अंतरराष्टï्रीय आत्मनिर्भर शिल्प मेला-2026 के अंतर्गत आयोजित मेहंदी एवं नेल आर्ट प्रतियोगिताओं में सीनियर और जूनियर वर्ग की छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता, कलात्मक सोच और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में विभिन्न स्कूलों से आई छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्सवमय बन गया।
मेहंदी प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में मुरारी लाल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की अंशिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान एसएसएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल की जय श्री शोभा को मिला, जबकि डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल की राधिका ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतिभागियों ने पारंपरिक व आधुनिक मेहंदी डिजाइनों के माध्यम से अपनी कला का बेहतरीन परिचय दिया।
वहीं मेहंदी प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऊंचा गांव की प्रिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एसडी कॉन्वेंट स्कूल की कैरावी द्वितीय तथा सुमेर सिंह पब्लिक स्कूल की स्वाति तृतीय स्थान पर रहीं। नन्हीं प्रतिभागियों की बारीक डिजाइन और साफ-सुथरी प्रस्तुति ने निर्णायकों को खासा प्रभावित किया।
इसी प्रकार नेल आर्ट प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में फैंटेक्स कॉन्वेंट स्कूल की आकांक्षा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मुरारी लाल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की लक्ष्मी द्वितीय और सेंट जॉन स्कूल की प्रेरणा तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिताओं के समापन मौके पर विजेता छात्राओं को सम्मानित किया गया। निर्णायक मंडल ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत की सोच को भी मजबूती देती हैं। सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प मेले में आए अभिभावकों और दर्शकों ने भी छात्राओं के हुनर की सराहना की।









