केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने वार्ड 1 में लगभग 10 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का किया शुभारंभ और शिलान्यास
2700 करोड़ रुपये की लागत से हाई टेंशन बिजली लाइनों को भूमिगत करने का कार्य एनआईटी विधानसभा से होगा प्रारंभ

फरीदाबाद।
फरीदाबाद के एनआईटी-86 विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड नंबर-1 स्थित राजीव कॉलोनी में रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के तहत क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
इन कार्यों में राजीव कॉलोनी में एक नए पार्क का निर्माण, सेक्टर-56 के पार्कों का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यकरण, सेक्टर-56्र की 18 और 24 मीटर चौड़ी सडक़ों की मरम्मत, सी.आई.ए. कार्यालय के सामने छठ घाट का निर्माण तथा सेक्टर-56 में चार नए ट्यूबवेल स्थापित करना शामिल है। इन सभी परियोजनाओं पर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि फरीदाबाद शहर को बिजली के जाल से मुक्त करने के लिए 2700 करोड़ रुपये की लागत से हाई टेंशन बिजली लाइनों को भूमिगत करने की महत्वाकांक्षी योजना शुरू की जा रही है, जिसकी शुरुआत एनआईटी विधानसभा क्षेत्र से होगी। इस परियोजना से शहर की सुंदरता में वृद्धि के साथ-साथ सडक़ों के चौड़ीकरण में भी सुविधा होगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान एनआईटी-86 के विधायक सतीश फागना ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र, राज्य सरकार और नगर निगम मिलकर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में विधानसभा क्षेत्र की सभी सडक़ों और गलियों को पक्का किया जाएगा तथा सीवर और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर वार्ड नंबर-1 के निगम पार्षद मुकेश डागर, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।







