Cultural EventEntertainmentEventsFaridabadHaryanaIndiaInternational MelaShilp MelaSurajkund

सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में उत्तर प्रदेश की पीतल शिल्प कला ने खींचा पर्यटकों का ध्यान

फरीदाबाद।
फरीदाबाद के सूरजकुंड में आयोजित 39वें अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में देशभर से आए शिल्पकार अपनी पारंपरिक और विशिष्ट कलाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस कड़ी में थीम स्टेट उत्तर प्रदेश के महोबा से आए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित शिल्पकार मनमोहन सोनी अपनी उत्कृष्ट पीतल धातु से निर्मित मूर्ति कला के साथ मेले में सहभागिता कर रहे हैं।

मनमोहन सोनी द्वारा पीतल से तैयार की गई कलाकृतियों में अष्टलक्ष्मी कलश, श्री कृष्ण मूर्ति, नटराज मूर्ति, पक्षी के आकार में बनी सुरमेदानी सहित सैकड़ों आकर्षक कलात्मक वस्तुएं शामिल हैं, जो दर्शकों और खरीदारों को खासा आकर्षित कर रही हैं। सूरजकुंड मेले में उनकी स्टॉल संख्या 1226 पर पर्यटकों की निरंतर भीड़ देखी जा रही है। उल्लेखनीय है कि मनमोहन सोनी को उनकी इस विशिष्ट शिल्प कला के लिए तत्कालीन राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। वे वर्ष 2004 से लगातार सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले के प्रत्येक संस्करण में भाग ले रहे हैं और अपनी कला का नियमित रूप से प्रदर्शन कर रहे हैं।

मनमोहन सोनी ने बताया कि प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में पर्यटक उनकी कलाकृतियों को देखने और खरीदने के लिए स्टॉल पर पहुंच रहे हैं, जिससे आर्थिक दृष्टि से यह मेला उनके लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला देश के शिल्पकारों को अपनी कला को प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त और प्रतिष्ठित मंच प्रदान करता है, जिससे पारंपरिक कलाओं को संरक्षण मिलने के साथ-साथ शिल्पकारों की आजीविका को भी मजबूती मिलती है। सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला भारतीय शिल्प परंपरा की विविधता को एक ही मंच पर प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभर रहा है, जहां देश की समृद्ध लोक कला और हस्तशिल्प को वैश्विक पहचान मिल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button