पर्यटन विभाग के एजीएम राजपाल ने सूरजकुंड मेला परिसर में मुख्य चौपाल पर कलाकारों के लिए किया है बेहतर और सुव्यवस्थित प्रबंधन
घाना देश के राजदूत ने अच्छे प्रबंधन के लिए एजीएम राजपाल को किया सम्मानित

सूरजकुंड (फरीदाबाद)।
विश्व प्रसिद्ध सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेला में उत्कृष्ट प्रबंधन और सुव्यवस्थित व्यवस्था के लिए शुक्रवार को पर्यटन विभाग के सहायक महाप्रबंधक (एजीएम) राजपाल को घाना देश के राजदूत प्रोफेसर क्वासी द्वारा सम्मानित किया गया। घाना देश के राजदूत ने यह सम्मान मुख्य चौपाल पर देश-विदेश के कलाकारों के लिए बेहतर सुविधाएं, समयबद्ध कार्यक्रम संचालन और दर्शकों के लिए सुचारु व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए प्रदान किया।
मेले के दौरान मुख्य चौपाल पर एजीएम राजपाल ने कलाकारों के प्रदर्शन क्रम, बैठने की व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधन को विशेष रूप से सुव्यवस्थित किया हुआ है। उनकी देखरेख में मुख्य चौपाल पर देश-विदेश से आए कलाकारों को उत्कृष्ट मंच और अनुकूल वातावरण मिल रहा है, जिससे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां सफलतापूर्वक आयोजित की जा रही है।
घाना के राजदूत ने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और पर्यटन मंत्री डा. अरविंद कुमार शर्मा के निर्देशन में आयोजित हो रहे सूरजकुंड मेला प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की व्यवस्थित व्यवस्था अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक संबंधों को और सुदृढ़ करती है। उन्होंने सूरजकुंड आयोजन टीम के प्रयासों की प्रशंसा की और भविष्य में भी ऐसे ही सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की। एजीएम राजपाल ने इस सम्मान को पूरी टीम की मेहनत का परिणाम बताया और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।



