फूड विदाउट फायर और ग्लास पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने किया शानदार प्रदर्शन
सूरजकुंड मेले में विभिन्न प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन, छात्रों ने दिखाया हुनर

सूरजकुंड (फरीदाबाद)।
39 वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में गुरुवार को विद्यार्थियों की रचनात्मकता और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। फूड विदाउट फायर (सीनियर व जूनियर) और ग्लास पेंटिंग प्रतियोगिताओं में अलग-अलग स्कूलों के छात्रों ने बढ़-चढक़र भाग लिया और अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
सीनियर वर्ग की फूड विदाउट फायर प्रतियोगिता में एसएसएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल के रुद्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मुरारी लाल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की सानिया द्वितीय तथा मॉडर्न बी.पी. पब्लिक स्कूल की नव्या तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतिभागियों ने बिना आग का उपयोग किए स्वादिष्ट और आकर्षक व्यंजन तैयार कर निर्णायकों को प्रभावित किया।
जूनियर वर्ग में भी बच्चों का उत्साह देखने लायक रहा। इस श्रेणी में मुरारी लाल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की उन्नति ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि मॉडर्न बी.पी. पब्लिक स्कूल के कुशल दूसरे स्थान पर रहे। डायनेस्टी इंटरनेशनल टी.टी. पब्लिक स्कूल की कृतिका ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। बच्चों ने न केवल स्वाद बल्कि प्रस्तुति में भी अपनी रचनात्मकता दिखाई।
वहीं, संयुक्त रूप से आयोजित ग्लास पेंटिंग प्रतियोगिता में रंगों की सुंदर छटा देखने को मिली। हर्मन जेमिनर स्कूल की इक्षा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मॉडर्न बीपी. पब्लिक स्कूल के अभिषेक द्वितीय तथा मुरारी लाल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के शिशुपाल तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में बनाई गई कलाकृतियों ने दर्शकों और निर्णायकों दोनों का मन मोह लिया। निर्णायक मंडल ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उन्हें रचनात्मक गतिविधियों के प्रति प्रेरित करना है। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की गई।
सूरजकुंड मेला केवल हस्तशिल्प और सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान करता है। प्रतियोगिताओं के माध्यम से मेले का वातावरण और भी जीवंत हो उठा तथा उपस्थित दर्शकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।



