प्रशिक्षण सभागार में अंतरराज्यीय आदान-प्रदान कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ
गुजरात से आए प्रतिभागियों और स्थानीय युवाओं के बीच अनुभव किए गए साझा

फरीदाबाद।
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से मेरा युवा भारत फरीदाबाद द्वारा शुक्रवार को सेक्टर-12 स्थित जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद के प्रशिक्षण सभागार में अंतरराज्यीय आदान-प्रदान कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में गुजरात राज्य से आए प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजस्थान एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. गौतम चौधरी द्वारा बतौर मुख्य अतिथि दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। कार्यक्रम में युवाओं के साथ संवाद एवं विचार-विमर्श का विशेष सत्र आयोजित किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय निर्माण में युवाओं की भूमिका विषय पर डा. रचना सैनी, एम.पी. शर्मा जी (सेवानिवृत्त) और माइ भारत से जुड़े वरिष्ठ प्रतिनिधि द्वारा युवाओं और युवा मंडलों की राष्ट्र निर्माण में सहभागिता पर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने युवाओं को सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता, कौशल विकास तथा सकारात्मक ऊर्जा के माध्यम से देश के विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
अंत में आयोजकों द्वारा सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी का आभार प्रकट किया गया।






