39वां सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प मेला-2026
सूरजकुंड मेले में थीम स्टेट उत्तर प्रदेश की दिख रही हैं सांस्कृतिक छटा -बनारसी साड़ियों के मुरीद हुए पर्यटक, स्टॉल नंबर 110 पर खरीदारी के लिए उमड़ी महिलाओं की भीड़
फरीदाबाद, 2 फरवरी।
हरियाणा के पर्यटन विभाग के सौजन्य से आयोजित 39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प मेले में इस वर्ष ‘थीम स्टेट’ उत्तर प्रदेश का पवेलियन आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है। उत्तर प्रदेश पवेलियन के माध्यम से राज्य की समृद्ध कला, संस्कृति और पारंपरिक रहन-सहन की शैलियों को बेहद खूबसूरती से दर्शाया गया है। इस शिल्प महाकुंभ में देश-विदेश की शिल्पकला के संगम के बीच बनारस की साड़ियों का जलवा सिर चढ़कर बोल रहा है।
उतर प्रदेश के पवेलियन में स्थित स्टॉल नंबर 110 पर बनारस के शिल्पकार मोहम्मद आसिफ द्वारा बनारसी साड़ियों का स्टॉल लगाया गया है। जो पर्यटकों को विशेषकर महिलाओं को अपनी ओर खींच रहा है। शिल्पकारों की अद्भुत कलाकारी का आलम यह है कि विदेशी मेहमान भी इन साड़ियों के मुरीद बन रहे हैं। स्टॉल्स पर सुबह से ही महिलाओं की भीड़ लग रही है और वे जमकर खरीदारी कर रही हैं।
बनारस के शिल्पकार मोहम्मद आसिफ ने मेले में बेहतर व्यवस्था के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी व पर्यटन मंत्री डा. अरविंद कुमार शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हरियाणा सरकार द्वारा सूरजकुंड मेले में शिल्पकारों के लिए अच्छी व्यवस्था की गई है।


